पटना- गौरीचक गांव में शौच के लिए निकली 8 साल की बच्ची की बाढ़ के पानी में बह जाने से दुखद मौत हो गई। मृतका की पहचान छोटकी सपहुआ गांव निवासी स्वर्गीय जितेंद्र मांझी की पुत्री रीना कुमारी के रूप में हुई है. हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
बताया जाता है कि रीना गुरुवार सुबह शौच के लिए घर से बाहर निकली थी. पुनपुन और दरधा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण गांव के आसपास के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी फैला हुआ है.
इसी दौरान तेज बहाव वाले रास्ते से गुजरते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गयी. तेज धार के कारण बच्ची खुद को संभाल नहीं सकी और डूब गयी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बच्ची के पानी में गिरने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गये. लोगों ने पानी में उतरकर उसकी तलाश शुरू की और काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला.
हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. सूचना मिलने पर गौरीचक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गयी.
पुनपुन और दरधा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर से गौरीचक और आसपास के कई इलाकों में पानी फैल गया है. गौरीचक से अलावलपुर, पियररिया, जमालपुर और यमुनापुर को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर भी पानी चढ़ गया है. इससे इन गांवों का सड़क संपर्क बाधित हो गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
ग्रामीणों के अनुसार, कई सड़कों और संपर्क मार्गों पर पानी जमा होने से लोगों के लिए जरूरी सामान खरीदने, इलाज के लिए अस्पताल जाने और अन्य आवश्यक कार्यों से गांव से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है.








