डेस्क- अयोध्या में मछली खाने के आरोप को लेकर शुरू हुआ विवाद अब अदालत पहुंच गया है. उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है. अजय राय मंगलवार को लखनऊ सिविल कोर्ट पहुंचे और इस मामले में मानहानि का दावा दाखिल किया.
कांग्रेस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, अजय राय अयोध्या में मछली खाने को लेकर लगाए गए आरोपों से आहत हैं. उनका कहना है कि उनके खिलाफ मछली खाने का झूठा आरोप लगाया गया, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है. इसी को लेकर उन्होंने कानूनी रास्ता अपनाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अदालत में मानहानि का मुकदमा दायर किया है.
दरअसल, अयोध्या में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के स्वागत में आयोजित एक कार्यक्रम में मछली भोज को लेकर विवाद खड़ा हो गया था. बीजेपी ने इस मामले को लेकर कांग्रेस और अजय राय पर हमला बोला था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बीजेपी की ओर से सावन के दौरान मछली भोज को सनातन धर्म के अपमान से जोड़कर सवाल उठाए गए थे. इसके बाद अजय राय ने आरोपों को खारिज करते हुए बीजेपी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पलटवार किया था.
अजय राय ने चुनौती देते हुए कहा था कि अगर उनकी मछली खाते हुए एक भी तस्वीर सामने आ जाए तो वह उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे देंगे. साथ ही उन्होंने कहा था कि अगर बीजेपी ऐसी तस्वीर नहीं दिखा पाती है तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस्तीफा देना चाहिए.
अजय राय ने उस समय सफाई देते हुए कहा था कि वह निषाद समाज के एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. उन्होंने कहा था कि मछली पकड़ना और खाना निषाद समाज की परंपरा का हिस्सा है और उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था, इसलिए वह वहां पहुंचे थे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अजय राय ने कहा था, “निषादराज ने भगवान राम की मदद की थी. मुझे समाज बुलाएगा तो मैं जाऊंगा.” उन्होंने खुद को बाबा विश्वनाथ का भक्त बताते हुए मछली खाने के आरोपों को खारिज किया था.








