डेस्क- बिहार के बांका में वज्रपात का कहर देखने को मिला. 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. इनमें 4 महिलाएं शामिल हैं. जिले के चांदन प्रखंड अंतर्गत सुईया थाना क्षेत्र के बोंड़ा गांव में बारिश के दौरान हुए वज्रपात से तीन महिलाओं की मौत हुई है, जबकि बौंसी प्रखंड में एक महिला समेत दो की जान गई है.
मृत महिलाओं की पहचान बोंड़ा गांव निवासी शंभू यादव की 45 वर्षीय पत्नी कुसमी देवी, टीपन यादव की 35 वर्षीय पत्नी रिंकू देवी और राजेंद्र यादव की 38 वर्षीय पत्नी रेणु देवी के रूप में हुई है. ये तीनों महिलाएं आपस में गोतनी (देवरानी-जेठानी) थीं. एक ही परिवार से जुड़ी तीन महिलाओं की एक साथ मौत की खबर से पूरे गांव में मातम पसर गया है.
वहीं वज्रपात की चपेट में आने से कार्तिक यादव की बेटी रानी कुमारी और टीपन यादव के बेटे सौरभ कुमार गंभीर रूप से झुलस गए हैं. दोनों की स्थिति नाजुक बनी हुई है. चिकित्सकों की निगरानी में दोनों का इलाज किया जा रहा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जानकारी अनुसार, मंगलवार की शाम क्षेत्र में बारिश हो रही थी. इसी दौरान बोंड़ा गांव में अचानक तेज वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में पांच लोग आ गए. वज्रपात की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया.
इधर, बौंसी प्रखंड में भी वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत और पांच लोग घायल हो गए. सिराय गांव के वार्ड नंबर-7 निवासी सुरेश यादव खेत में जाने के दौरान पोखर के समीप वज्रपात की चपेट में आ गएऔर उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
वहीं, काजीकैरी गांव में सुफियाना खातून (50) खेत में धान रोप रहे मजदूरों के लिए नाश्ता पहुंचाकर लौट रही थीं. इसी दौरान वज्रपात की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई, जबकि नसीमा खातून (40) गंभीर रूप से झुलस गईं. नदी में पानी और पुल नहीं होने के कारण उनका इलाज गांव में ही कराया जा रहा है. दलिया गांव की माधुरी देवी (42) समेत बेना मोहनपुर गांव की तीन महिलाएं भी वज्रपात से झुलस गईंं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








