रांची- JSSC और JPSC की परीक्षा में कथित अनियमितताओं और घोटाले के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है. जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले कई दिनों से आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में अब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के सैकड़ों छात्रों ने भी मोर्चा खोल दिया है.
शनिवार को ABVP के सैकड़ों छात्र कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए आगे बढ़े. हालांकि, पुलिस प्रशासन ने मुख्यमंत्री आवास से पहले ही छात्रों को रोक दिया.
इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. आंदोलनरत छात्रों की मांग है कि JSSC और JPSC की अब तक हुई परीक्षाओं में जहां भी कथित गड़बड़ी या घोटाला हुआ है, उसकी निष्पक्ष जांच कर पूरी सच्चाई सामने लाई जाए.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रदर्शन में शामिल छात्रों का कहना है कि जो भी लोग दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए. छात्र JSSC और JPSC की परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में परीक्षा प्रक्रिया को लेकर सवाल न उठे.
प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भी सवाल उठाए हैं. छात्रों का आरोप है कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में कई दिनों से आंदोलन चल रहा है. लेकिन मुख्यमंत्री ने अब तक आंदोलनरत छात्रों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने की पहल नहीं की.
छात्रों का कहना है कि हाल में हुई बैठक में भी मुख्यमंत्री की मौजूदगी नहीं रही. इसी को लेकर आंदोलनकारियों में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार को छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेना चाहिए और आंदोलनकारियों से सीधे वार्ता करनी चाहिए. उनका कहना है कि जब तक JSSC-JPSC परीक्षा से जुड़ी कथित गड़बड़ियों की जांच, दोषियों पर कार्रवाई और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए कांके रोड इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.








