बांका- बिहार के बांका जिला परिषद कार्यालय में सोमवार को पटना निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जेई ओमप्रकाश मंडल और कार्यालय के क्लर्क जागेश्वर मंडल को 1 लाख 26 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है .
बताया जा रहा है कि एक संवेदक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कार्य से संबंधित फाइल आगे बढ़ाने के लिए जेई की ओर से रिश्वत की मांग की जा रही है. शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए. इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया.
सोमवार को जैसे ही संवेदक ने तय की गई 1.26 लाख रुपये की रिश्वत की राशि सौंपी, पहले से मौजूद निगरानी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जेई ओमप्रकाश मंडल और क्लर्क जागेश्वर मंडल को रंगेहाथ दबोच लिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कार्रवाई के दौरान निगरानी टीम दो वाहनों से जिला परिषद कार्यालय पहुंची और मुख्य द्वार बंद कर दिया गया. छापेमारी के दौरान किसी भी व्यक्ति को कार्यालय से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई.
अचानक हुई कार्रवाई से पूरे कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि बाहर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई. निगरानी अधिकारियों ने दोनों आरोपितों से पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उन्हें अपने साथ पटना ले गई.








