पटना- पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान सर (खान ग्लोबल स्टडीज) के कोचिंग सेंटर में गुरुवार की शाम आग लग गई. अगलगी की घटना का जो वीडियो सामने आया है उसमें दिख रहा है कि कोचिंग के बाहर छात्रों की भीड़ लगी है.
कोचिंग सेंटर के बाहर धुआं-धुआं जैसा नजारा है. आग कैसे लगी है यह पता नहीं चला है. माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के चलते ऐसा हुआ होगा. जांच के बाद पता चलेगा कि अचानक कैसे यह हादसा हुआ है. कोचिंग के अंदर कितने बच्चे थे, कौन सा बैच चल रहा था, अभी इससे संबंधित जानकारी नहीं मिली है.
पूरी घटना कदमकुआं थाना क्षेत्र की है. किसान कोल्ड स्टोरेज कैंपस में खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर है. कई दिनों से कोचिंग सेंटर चर्चा में भी है. इसके बगल में रौशन आनंद का ज्ञान बिंदु कोचिंग भी है. जो आग लगी है वह कोचिंग सेंटर के बाहर लगी है. तुरंत आग पर काबू पा लिया गया इसलिए कोई बड़ी घटना नहीं घटी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बताया जाता है कि कोचिंग सेंटर के बाहर जो बोर्ड है उसमें ये आग लगी थी. बता दें कि खान ग्लोबल स्टडीज को लगातार अग्निशमन विभाग की ओर से लगातार नोटिस दिया जा रहा कि आपका जो संस्थान है वो फायर सेफ्टी के मानको को पूरा नहीं कर रहा है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के समय किसान कोल्ड स्टोरेज कैंपस में काफी संख्या में छात्र थे. बिजली पैनल खान ग्लोबल स्टडीज के बिल्कुल पास ही था. धुएं के गुबार को देख परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल कायम हो गया.
कोचिंग प्रबंधन ने क्लास में मौजूद सभी छात्रों और कर्मचारियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला. किसी को कोई क्षति नहीं पहुंची है. खबर लिखे जाने तक घटना को लेकर कोचिंग या प्रशासन की ओर से बयान नहीं आया था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








