सिमडेगा- ACB की टीम ने बुधवार को सिमडेगा जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए शिक्षा विभाग के ब्लॉक प्रोग्राम ऑफिसर (BPO) अनिल खलखो को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया. इस गिरफ्तारी के बाद से सिमडेगा के शिक्षा विभाग में खलबली मच गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, केरसई प्रखंड के शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार और काम के बदले पैसे मांगने की शिकायत लगातार एसीबी को मिल रही थी. एक प्रार्थी की पुख्ता शिकायत के आधार पर एसीबी रांची की टीम ने मामले का सत्यापन कराया फिर गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया.
जैसे ही बीपीओ अनिल खलखो ने तय रणनीति के तहत घूस की राशि अपने हाथ में ली, पहले से घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के तुरंत बाद एसीबी की टीम आरोपी बीपीओ को अपने साथ लेकर रांची के लिए रवाना हो गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
फिलहाल रिश्वत की कुल राशि कितनी थी और यह घूस किस काम के बदले ली जा रही थी, इसकी आधिकारिक और विस्तृत रिपोर्ट आना अभी बाकी है. मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एसीबी के वरिष्ठ अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम चल रहा है.
आम जनता का शोषण करने वाले किसी भी सरकारी सेवक या अधिकारी को कतई बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी इसी तरह आक्रामक रूप से जारी रहेगा.








