डेस्क- राजस्थान का श्रीगंगानगर 48.2 डिग्री तापमान के साथ दुनिया का सबसे गर्म शहर बन गया है. भीषण गर्मी, रेगिस्तानी हवाओं की वजह से लोगों का जीना मुहाल हो गया है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक हीटवेव जारी रहने की चेतावनी दी है.
भीषण लू और तेज धूप की वजह से लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. श्रीगंगानगर में दिनभर गर्म हवाएं चलती रहीं, जिससे सड़कें सूनी नजर आईं और लोग जरूरी काम होने पर ही बाहर निकले.
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक हालात गंभीर बने रहने की चेतावनी जारी की है. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तर भारत इस समय भीषण हीटवेव की चपेट में है. राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई शहरों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बुधवार को बीकानेर और रोहतक में 46.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि जैसलमेर और चूरू में 46.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ. दिल्ली का तापमान भी 44 डिग्री के पार पहुंच गया.
कई शहरों में लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है. गर्मी की वजह से अस्पतालों में डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है. प्रशासन लोगों से दोपहर में घर से बाहर ना निकलने, ज्यादा पानी पीने और धूप से बचाव करने की अपील कर रहा है.
हालांकि मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि गुरुवार शाम से राजस्थान समेत उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में आंधी और हल्की बारिश हो सकती है. इससे तापमान में कुछ गिरावट आने की उम्मीद है और लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








