नवादा- बिहार के नवादा जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची खनन विभाग और पुलिस टीम पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया.
छापेमारी के दौरान माफियाओं ने फायरिंग कर दी. इस दौरान पकड़े गए ट्रैक्टर और चालक को छुड़ाकर आरोपी फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
बताया जा रहा है कि खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम को ढाढर नदी घाट पर अवैध बालू खनन की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर टीम लटावर घाट पहुंची.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जहां तीन ट्रैक्टरों पर अवैध रूप से बालू लोड किया जा रहा था. पुलिस को देखते ही चालक ट्रैक्टर लेकर भागने लगे. इसी दौरान एक ट्रैक्टर नदी में फंस गया, जिसे टीम ने जब्त कर लिया और चालक को भी पकड़ लिया.
जब टीम जब्त ट्रैक्टर और चालक को लेकर आगे की कार्रवाई कर रही थी, तभी एक युवक वहां पहुंचा और पिस्टल तानकर फायरिंग शुरू कर दी. आरोपी ने पुलिस और खनन विभाग की टीम को गोली मारने की धमकी दी.
अचानक हुई फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई और टीम को पीछे हटना पड़ा. इसी दौरान आरोपी पकड़े गए चालक और ट्रैक्टर को छुड़ाकर फरार हो गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घटना के बाद पुलिस ने अतरी थाना पुलिस के सहयोग से बैकटपुर और दरियापुर गांवों में छापेमारी की. इस दौरान अवैध खनन में इस्तेमाल हो रहे दो और ट्रैक्टर जब्त किए गए. पुलिस ने फायरिंग करने वाले युवक की पहचान बैकटपुर निवासी राजगोपाल के रूप में की है. उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
हिसुआ थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि अवैध खनन और माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा.








