पटना- पटना के महात्मा गांधी सेतु से हाजीपुर निवासी 18 वर्षीय युवक ने गंगा नदी में छलांग लगा दी. सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ और पुलिस की टीम युवक की तलाश में जुटी है. परिवार में घटना के बाद कोहराम मचा हुआ है.
बताया जा रहा है कि हाजीपुर के जडुआ निवासी लगभग 18 वर्षीय आदित्य कुमार ने गांधी सेतु के पाया संख्या 43 के पास से गंगा में छलांग लगा दी. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी गई.
युवक की तलाश के लिए हाजीपुर और गायघाट की एसडीआरएफ टीम को लगाया गया है. दोनों टीमों द्वारा दो-दो नावों की मदद से गंगा नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. घटना के बाद गांधी सेतु और आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई. पुलिस और राहत टीम लगातार नदी में युवक की तलाश कर रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घटना की सूचना मिलने के बाद युवक के परिजन भी गायघाट पहुंचे. युवक के बड़े भाई अनिकेत ने बताया कि आदित्य कुमार इलेक्ट्रिक का काम सीखने जाता था. दोपहर वह काम से घर पर खाना खाने की बात कहकर निकला था और अपनी साइकिल लेकर चला गया.
कुछ देर बाद गांधी सेतु से गंगा में छलांग लगाने की सूचना मिली. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार किसी अनहोनी की आशंका से सदमे में है.
आलमगंज थाना पुलिस ने बताया कि युवक की तलाश के लिए गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन जारी है. साथ ही पूरे मामले की जांच भी की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








