हजारीबाग- हजारीबाग के बरही में बैंक ऑफ महाराष्ट्र में दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात हुई. अपराधी हथियार के बल पर 3 किलो सोना और 4 लाख नकद लेकर फरार हो गए. घटना से इलाके में दहशत फैल गई. पुलिस जांच में जुटी गयी है।
बताया जा रहा है कि इस वारदात को चार अपराधियों ने अंजाम दिया. सभी अपराधियों ने अपने चेहरे छिपा रखे थे. किसी ने हेलमेट पहना था, तो किसी ने मास्क और गमछा बांध रखा था. उनके हाथों में देशी हथियार थे, जिनके बल पर उन्होंने बैंक कर्मचारियों को डराकर अपने कब्जे में ले लिया.
अपराधियों ने बैंक के अंदर घुसते ही कर्मचारियों के साथ मारपीट की और उन्हें धमकाते हुए लॉकर खुलवाया. इसके बाद उन्होंने अंदर रखा सोना और कैश निकाल लिया. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने बैंक को बाहर से बंद कर दिया और आराम से फरार हो गए.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश की जा रही है.
इस बड़ी लूट की घटना के बाद बरही क्षेत्र में दहशत का माहौल है. पुलिस ने कहा कि पुलिस आसपास के जिलों में नाकेबंदी करके छापेमारी कर रही है.








