बांका- बिहार में एक बार फिर से फर्जी शिक्षक पर कार्रवाई की गई है. बांका के सुईया थाना क्षेत्र में निगरानी विभाग की टीम ने फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर लंबे समय से नौकरी कर रहे एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार शिक्षक की पहचान दक्षिणी कसवावसिला पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय डूमरडीहा में कार्यरत भागीरथ कुमार साह के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, आरोपी शिक्षक पिछले करीब 20 वर्षों से फर्जी शैक्षणिक प्रमाण पत्र के सहारे नौकरी कर रहा था. इस मामले में पटना उच्च न्यायालय के निर्देश पर निगरानी विभाग ने कार्रवाई तेज की थी.
इसी क्रम में पुलिस निरीक्षक लाल मोहम्मद के नेतृत्व में शनिवार एवं रविवार को छापेमारी की गई. रविवार रात में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
दरअसल, उच्च न्यायालय ने पूर्व में सभी संदिग्ध शिक्षकों को स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने का मौका दिया था, लेकिन कई शिक्षकों ने इस निर्देश का पालन नहीं किया. इसके बाद निगरानी विभाग ने प्रमाण पत्रों की गहन जांच शुरू की, जिसमें भागीरथ कुमार साह के दस्तावेज फर्जी पाए गए.








