पटना- पाटलिपुत्र स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर एक गर्भवती महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया। मौके पर मौजूद महिला जवानों ने प्रसव कराने में अहम भूमिका निभाई। जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित है.
बताया जा रहा है कि खगड़िया की रहने वाली खुशबू कुमारी अपने घर जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रही थीं. इसी दौरान उन्हें अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई.
खुशबू को दर्द से कराहते देख स्टेशन पर मौजूद लोग सहम गए. तभी ड्यूटी पर तैनात RPF और GRP की महिला जवानों की नजर उन पर पड़ी. बिना एक पल गंवाए महिला जवान एकता और उनकी टीम मौके पर पहुंची.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
हालात ऐसे थे कि महिला को तुरंत अस्पताल ले जाना मुमकिन नहीं था. ऐसे में महिला जवानों ने अपनी संवेदनशीलता और हिम्मत दिखाई. उन्होंने अन्य महिला यात्रियों की मदद से प्लेटफॉर्म पर ही एक सुरक्षित घेरा बनाया और खुशबू का सफल प्रसव कराया.
कुछ ही देर में प्लेटफॉर्म नंबर दो बच्ची की किलकारियों से गूंज उठी. जन्म के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों ने एम्बुलेंस बुलाकर जच्चा और बच्चा दोनों को दानापुर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दोनों अब बिल्कुल स्वस्थ हैं.
महिला जवान एकता ने बताया कि जैसे ही उन्हें सूचना मिली, उनकी पहली प्राथमिकता महिला की जान बचाना और उसे सुरक्षित महसूस कराना था. इस नेक काम की चर्चा पूरे स्टेशन पर हो रही है. हर कोई इन महिला जवानों की मुस्तैदी को सलाम कर रहा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








