कटिहार- बिहार के कटिहार जिले के बारसोई थाना क्षेत्र में ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान दोस्त ने ही अपने दोस्त को गोली मार दी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है.
जानकारी के अनुसार एक किशोर अपने मोबाइल पर ऑनलाइन गेम (फ्री फायर/पबजी) खेल रहा था. इसी दौरान उसका दोस्त वहां पहुंचा और कथित तौर पर कहा कि नकली गेम क्यों खेलते हो, चलो असली गेम खेलते हैं. इसके तुरंत बाद उसने किशोर को गोली मार दी.
गोली किशोर के बाएं पैर में लगी है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई. घायल को पहले बारसोई अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कटिहार रेफर कर दिया गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घायल किशोर की मां ने बताया कि वह सामान्य रूप से गेम खेल रहा था. तभी अचानक उस पर हमला कर दिया गया. पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी की तलाश जारी है. वहीं, घायल के परिजन दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहे हैं. फिलहाल किशोर का इलाज जारी है.








