पटना- पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल से जुड़े चर्चित मामले में जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है. इस संबंध में बुधवार को पटना के जोनल आईजी, एसएसपी, सिटी एसपी पूर्वी तथा एसआईटी टीम ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर अब तक की जांच और कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी. पटना एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने माना कि पूरे मामले में चित्रगुप्त नगर थाने की SHO रोशनी कुमारी से लापरवाही हुई है.
एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने प्रेस वार्ता में बताया कि प्रारंभिक स्तर पर परिवार की ओर से एफआईआर दर्ज नहीं कराने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन प्रभात मेमोरियल अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर मामला दर्ज किया गया. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि चित्रगुप्त नगर थाना की एसएचओ स्तर पर लापरवाही पाई गई है, जिसके कारण उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस करीब 15 मिनट चली, जिसमें पुलिस अधिकारियों ने सिर्फ अपने बयानों को रखा। लेकिन जब पत्रकारों के सवाल किया तो जवाब देने के बजाय SSP कार्तिकेय शर्मा ने ‘नो कमेंट्स’ कहा। अंत में IG जीतेन्द्र राणा ने कहा कि इस केस की जांच CBI को सौंपी गई है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रेस कॉन्फ्रेंस खत्म होते ही सभी पुलिस अधिकारी वहां से निकल गये। मीडिया कर्मियों ने बाहर भी सवाल किए, लेकिन अधिकारियों ने कोई जवाब नहीं दिया। पुलिस अधिकारियों ने ना तो प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया के सवालों को जवाब दिये और ना ही बाहर ही कुछ कहा..सभी मीडिया के सवालों से बचते नजर आए।
बता दें कि जहानाबाद की रहने वाली छात्रा पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी. 6 जनवरी को अपने कमरे में बेहोश मिली. इलाज के दौरान 11 जनवरी को उसकी मौत हो गई थी. मामले में अबतक कई बड़े खुलासे हो चुके हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार छात्रा के शरीर और निजी अंगों में चोट के निशान थे.








