पटना- शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के पॉश इलाके A.G कॉलोनी स्थित C-71 में 73 वर्षीय वृद्ध महिला और सेवा निवृत्त शिक्षिका माधवी दास की बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस जघन्य वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.मृतका माधवी दास घर में अकेली रहती थीं.
बताया जा रहा है कि शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात अज्ञात अपराधी पीछे के गेट से चुपचाप घर में दाखिल हुए. बदमाशों की नीयत लूट की थी. जब वृद्धा ने इसका विरोध किया तो अपराधियों ने निर्दयता की सारी हदें पार कर दीं. धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया गया, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई.
हत्या के बाद अपराधी घर से सोने की चेन और दो सोने की अंगूठियां लूटकर फरार हो गए. लूट के इरादे से की गई इस हत्या ने साफ कर दिया है कि अपराधी राजधानी में पूरी तरह बेखौफ हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घटना की सूचना मिलते ही शास्त्री नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी गई. सचिवालय डीएसपी साकेत कुमार ने बताया कि फोरेंसिक टीम को बुलाकर घर से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके.








