रायपुर- छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षा बलों ने बीते 12 घंटों में सुकमा और बीजापुर जिले में हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ों में 14 नक्सलियों को मार गिराया है। सभी के शव और हथियार बरामद कर लिए गए हैं, जबकि इलाके में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
सुकमा जिले के किस्टाराम इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना पर डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) की टीम को रवाना किया गया था। शनिवार सुबह करीब 8 बजे नक्सलियों ने फायरिंग शुरू की, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने 12 नक्सलियों को ढेर कर दिया।
वहीं, बीजापुर जिले में तड़के शुरू हुई मुठभेड़ में 2 नक्सली मारे गए। मुठभेड़ की पुष्टि एसपी जितेंद्र यादव ने की है। दोनों स्थानों से हथियार भी बरामद किए गए हैं। इसी बीच स्पेशल जोनल कमेटी मेंबर (SZCM) देवा बारसे ने हैदराबाद में 20 नक्सलियों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
देवा को छत्तीसगढ़ का मोस्ट वांटेड नक्सली माना जाता है। पुलिस द्वारा दोपहर 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, नक्सल प्रभावित इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है और आने वाले दिनों में अभियान और तेज किया जाएगा।








