पटना- विशेष निगरानी इकाई ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए औरंगाबाद के उत्पाद अधीक्षक अनिल कुमार आजाद के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
अनिल कुमार आजाद पर आरोप है कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए 1 करोड़ 58 लाख 45 हजार 888 रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित की है। यह राशि उनकी ज्ञात आय के स्रोतों के अनुपात में काफी अधिक पाई गई, जिसके बाद जांच एजेंसी ने विस्तृत सत्यापन के बाद उनके खिलाफ केस दर्ज किया।
विशेष निगरानी इकाई ने सभी आरोपों की पुष्टि के बाद आजाद के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जन तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की कई धाराओं में एफआईआर दर्ज की।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसके बाद कोर्ट से उनके परिसरों की तलाशी का वारंट प्राप्त होने पर रविवार सुबह एक साथ औरंगाबाद, जहानाबाद और पटना में छापेमारी शुरू की गई। एसवीयू की अलग-अलग टीमों ने तड़के ही रेलवे स्टेशन रोड, सरकारी आवास, निजी घरों और इससे जुड़े कई स्थानों पर दस्तावेजों की जांच शुरू की।
पटना स्थित शिवपुरी के “राम निकुंज” नामक आवासन पर छापेमारी के दौरान एसवीयू को जमीन निवेश से जुड़े कई अहम दस्तावेज मिले हैं। सूत्रों के अनुसार अब तक की जांच में जमीन की खरीद-बिक्री के कई रजिस्ट्री पेपर, कई बैंक पासबुक और लेनदेन विवरण, निवेश संबंधी कागजात, कई संदिग्ध खातों की जानकारी और लॉकर्स से जुड़े दस्तावेज भी शामिल है।
इन दस्तावेजों से यह भी संकेत मिल रहे हैं कि अवैध अर्जित धनराशि को कई जिलों में जमीन खरीदने और निर्माण कार्यों में लगाया गया है। औरंगाबाद, जहानाबाद और पटना में एसवीयू की छापेमारी जारी है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








