डेस्क- बिहार विधानसभा चुनाव के बीच भोजपुरी सुपरस्टार और RJD प्रत्याशी खेसारी लाल यादव एक नए विवाद में फंसते नजर आ रहे हैं. बीएमसी ने मुंबई के मीरा रोड स्थित उनके बंगले में अवैध निर्माण को लेकर नोटिस जारी किया है.
नगरपालिका की ओर से भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि खेसारी लाल यादव के बंगले के बाहर लगाए गए लोहे के एंगल और शेड को तुरंत हटाया जाए, अन्यथा अतिक्रमण विभाग की ओर से बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी. नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि अवैध निर्माण नहीं हटाया गया तो उसे ध्वस्त किया जाएगा और कार्रवाई का खर्च संपत्ति मालिक से वसूला जाएगा.
नोटिस में उल्लेख है कि मीरा रोड स्थित पुराने पेट्रोल पंप के सामने कनासिक काउंटी नताशा पार्क के पीछे बने रो हाउस क्रमांक 1 और 2 में बिना अनुमति भूतल, पहली और दूसरी मंजिल पर लोहे के एंगल और टिन की चादरों से शेड तैयार किए गए हैं. साथ ही, स्वीकृत नक्शे में बदलाव करते हुए अनधिकृत निर्माण किए जाने का भी आरोप है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस कार्रवाई की टाइमिंग को लेकर सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि बिहार में खेसारी लाल यादव इस समय छपरा सीट से चुनावी मैदान में हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि बंगले का निर्माण कई साल पहले हुआ था, तो मनपा को अब इसकी याद क्यों आई. साथ ही, उसी सोसाइटी में कई अन्य बंगलों में भी ऐसे ही निर्माण हुए हैं, लेकिन नोटिस सिर्फ खेसारी लाल यादव को ही जारी किया गया है.








