जमशेदपुर- जमशेदपुर शहर से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. जहां घाघीडीह केंद्रीय कारागार में कार्यरत एक 55 वर्षीय सिपाही पर 9 साल की बच्ची के साथ आपत्तिजनक हरकत करने का गंभीर आरोप लगा है. आरोपी की पहचान संजय कुमार सिंह के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी संजय कुमार सिंह ने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने तीन मंजिला फ्लैट की छत पर ले जाकर उसके साथ अशोभनीय हरकत की.
शाम के समय जब बच्ची के परिजनों को उसके साथ कुछ गलत होने का संदेह हुआ, तो उन्होंने तत्काल आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
भालूबासा चौक के पास स्थित एक दुकान के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी संजय कुमार सिंह को बच्ची के साथ जाते हुए देखा गया. इसके बाद परिजन और मोहल्ले के लोग आक्रोशित हो उठे और एकजुट होकर आरोपी के फ्लैट पर पहुंचे. उन्होंने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी. इस दौरान बीच-बचाव करने आई आरोपी की पत्नी को भी लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया. लेकिन बेकाबू भीड़ ने पुलिस का विरोध किया और पुलिस जीप पर पथराव कर दिया.
पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई. काफी मशक्कत के बाद पुलिस किसी तरह आरोपी संजय कुमार सिंह और उसकी पत्नी को भीड़ के चंगुल से निकालकर थाने लेकर आयी. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








