पटना- पटना पुलिस ने जेडीयू के प्रदेश महासचिव डॉ. धर्मेंद्र कुमार चंद्रवंशी को ठगी के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि धर्मेंद्र ने दरभंगा के सकतपुर निवासी नितेश कुमार से सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लगभग 10 लाख रुपये ठगे थे।
पीड़ित नितेश ने बताया कि उनकी मुलाकात डॉ. धर्मेंद्र से अपने बहनोई श्रवण कुमार के माध्यम से हुई, जो धर्मेंद्र के क्लिनिक में टेक्नीशियन हैं। डॉ. धर्मेंद्र ने वर्ष 2019 से 2020 के बीच नौकरी का झांसा देकर कई किश्तों में पैसे लिए, लेकिन न तो नौकरी मिली और न ही पैसे वापस किए गए।
पुलिस के अनुसार, अभी तक नितेश कुमार ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि किस विभाग में नौकरी देने का वादा किया गया था। जक्कनपुर थाना पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि डॉ. धर्मेंद्र पहले भी एक फर्जी जमीन दस्तावेज मामले में नामजद रह चुके हैं, जिसमें उन्हें जमानत मिल चुकी थी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस ने बताया कि धर्मेंद्र दो से तीन अन्य ठगी और धोखाधड़ी के मामलों में भी वांछित थे। फिलहाल पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है.








