रांची- भाजपा नेता सीता सोरेन ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, उन्हें अपना इलाज कराना चाहिए. तभी वे स्वास्थ्य विभाग संभाल पाएंगे.
दरअसल, दुर्गा सोरेन सेना के स्थापना दिवस के अवसर पर सीता सोरेन अपनी दोनों बेटियों के साथ धनबाद के श्यामडीह पहुंचीं. समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया. इसके बाद उन्होंने दिवंगत शिबू सोरेन और दुर्गा सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की.
इस दौरान सीता सोरेन ने झारखंड सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है. वह अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं. वह मानसिक रोगी हैं. स्वास्थ्य विभाग संभालने से पहले उन्हें अपना इलाज करवाना चाहिए.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने आगे कहा कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है. संथाल परगना के अधिकांश मरीज अब राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भरोसा नहीं कर रहे हैं और इलाज के लिए पश्चिम बंगाल का रुख कर रहे हैं. रिम्स-2 परियोजना पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार पुराने रिम्स की हालत नहीं सुधार पा रही है, तो नए रिम्स के निर्माण का क्या औचित्य है?
सीता सोरेन ने “मंईयां सम्मान योजना” को “ठग योजना” करार दिया. उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार महिलाओं को आर्थिक सम्मान देने की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ स्वास्थ्य विभाग के लगभग 3,900 कर्मचारियों को छह महीने से वेतन नहीं मिला है. सरकार के पास फंड की कमी है, फिर भी वह योजनाओं की घोषणा कर रही है.
खनिज लूट पर बोलते हुए सीता सोरेन ने कहा कि झारखंड में खनिज संपदा की खुली लूट हो रही है. इसमें थाना प्रभारी से लेकर डीएसपी और एसपी तक शामिल हैं. यह लूट उनके संरक्षण में चल रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








