मधेपुरा- बिहार के मधेपुरा में बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है. पुरैनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को अपराधियों ने मार्बल टाइल्स दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी.
निशाने पर दुकान संचालक निरंजन साह थे, लेकिन गोलियां उनकी 13 साल की बेटी पार्वती कुमारी को लग गई. गंभीर रूप से घायल पार्वती की इलाज के दौरान मौत हो गई.
घटना की खबर फैलते ही पुरैनी बाजार में आक्रोश फूट पड़ा. पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने मुख्य सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. उन्होंने थानाध्यक्ष राघव शरण को हटाने की मांग की.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मृतका के भाई सचिन कुमार ने बताया कि उदाकिशुनगंज-भटगामा SH-58 पर सहनी चौक के पास उनकी टाइल्स की दुकान है. शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे मोटर खरीदने के बहाने बाइक सवार दो अपराधी दुकान पर पहुंचे. इसी बीच मेरी बहन वहां आ गई.
पापा पर जब अपराधी ने गोली चलाया तो वह छिप गए. इसी बीच गोली पीछे खड़ी बहन को गोली लग गई. गंभीर स्थिति में उसे पुरैनी पीएचसी ले जाया गया, जहां से JNKT मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल मधेपुरा रेफर कर दिया गया. जिसके बाद मेडिकल कॉलेज से पीएमसीएच पटना ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई.








