पटना- पटना की सड़कों पर दिनदहाड़े फायरिंग की घटना हुई है. दानापुर थाना क्षेत्र के शाहपुर में मुरार चक के पास उसरी मोड़ पर जब लोग अपने काम में व्यस्त थे, तभी बाइक सवार दो अपराधियों ने बेखौफ होकर मुंशी उपेन्द्र कुमार पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं.
हालांकि, इस घटना में उपेन्द्र कुमार बाल-बाल बच गए. गोली उनके दाहिने कंधे को छूते हुए निकली. स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल उपेन्द्र को सगुना मोड़ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया. घायल उपेन्द्र कुमार दानापुर न्यायालय में निजी मुंशी के रूप में कार्यरत हैं.
बताया जाता है कि घटना के वक्त वह सुबह लगभग साढ़े दस बजे अपनी बाइक से कोर्ट जा रहे थे. तभी पीछे से आए दो बाइक सवार अपराधियों ने उन पर गोली चला दी. गोली गर्दन के पास लगते हुए निकली, जिससे उनकी जान बच गई. उपेन्द्र दानापुर थाना क्षेत्र के सगुना का मूल निवासी हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग घटना स्थल पर पहुंचे और घायल उपेन्द्र को निजी अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
सूचना मिलते ही पटना सिटी एसपी पश्चिमी भानु प्रताप सिंह, दानापुर एएसपी और शाहपुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने घटना स्थल की जांच शुरू कर दी है. घायल उपेन्द्र का बयान भी लिया जा चुका है, जिसमें उन्होंने अपराधियों को पहचानने की बात कही है. उपेन्द्र ने अपराधियों के नाम भी बताए हैं. पुलिस जांच में जुटी है.








