पटना- लौरिया विधानसभा से बीजेपी के विधायक विनय बिहारी मंगलवार को अपनी ही सरकार के खिलाफ धरना पर बैठ गए. समाहरणालय में गमछा बिछाकर धरना पर बैठे विनय बिहारी ने कहा कि जब तक सम्राट चौधरी नहीं आएंगे वे धरने पर बैठे रहेंगे.
विनय बिहारी ने मीडिया को कुछ पत्र दिखाते हुए कहा, “इतना पत्र है… चार पत्र मुख्यमंत्री का है… जिसे मैंने मिलकर उन्हें दिया था… दो पत्र आपदा मंत्री रत्नेश सदा को मैंने दिया है…” विनय बिहारी ने कहा कि जैसी आपदा है, वैसी व्यवस्था नहीं है.
उन्होंने मांग की कि बाढ़ प्रभावित लोगों को पॉलिथीन, राशन और अन्य जरूरी राहत सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई जाए. उनकी मानें तो कुछ इलाकों में राहत सामग्री पहुंची है, लेकिन कई बाढ़ प्रभावित इलाके ऐसे हैं जहां अभी भी लोग परेशान हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
धरना पर बैठे विधायक ने शायरी के अंदाज में कहा, “दुख है, दर्द है, मैं आह भर रहा हूं, अपने राजा के आने का इंतजार कर रहा हूं. ऊपर श्रीहरि, नीचे सम्राट चौधरी.” उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आएं.
हमारे क्षेत्र का निरीक्षण करें. निरीक्षण करके जो हमारी मांग है जो व्यवस्था गड़बड़ हुई है उसके प्रति वे अपना भाव प्रकट करें ताकि यहां की जनता को पता चले कि वे गंभीर हैं.
बीजेपी विधायक ने कहा, जब तक सीएम नहीं आएंगे मैं बैठा रहूंगा. आज आएं या कल आएं… वो जब आएंगे उनका हेलीकॉप्टर देखें या पता चलेगा कि राजा आ गए तब यहां से उठेंगे. हम सरकार के खिलाफ धरना पर नहीं बैठे हैं.”
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
विनय बिहारी के मुताबिक, मंगलवार को वे करीब चार घंटे तक जिलाधिकारी समेत कई अधिकारियों से मिलने का इंतजार करते रहे, लेकिन मुलाकात नहीं हुई. इसके बाद उन्होंने गमछा बिछाकर धरना शुरू किया. धरने की सूचना मिलने के बाद बेतिया डीडीसी ने विधायक से बातचीत शुरू की, लेकिन विधायक अपनी मांग पर कायम रहे.








