धनबाद- कतरास रामकनाली ओपी क्षेत्र के केशालपुर कुम्हारपट्टी में रविवार सुबह अवैध खनन के दौरान बड़ा हादसा हो गया.
बताया जा रहा है कि स्थानीय लोग अवैध तरीके से कोयला निकालने के लिए खदान के अंदर घुसे थे. इसी दौरान अचानक ऊपर से मिट्टी का बड़ा हिस्सा धंस गया और वहां मौजूद कई लोग मलबे में दब गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और अपने स्तर से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. लोगों ने मलबे को हटाकर काफी खोजबीन की और करीब तीन लोगों को बाहर निकाला. इसके बाद तीनों को आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वहीं, इस हादसे में करीब पांच से छह अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है. स्थानीय लोग लगातार मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाशी कर रहे हैं.
बताया जा रहा है कि कुछ लोग हादसे से पहले ही बाहर निकलने में सफल रहे थे. घटना की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. अवैध खनन को लेकर एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
वहीं, मामले को लेकर जब डीएसपी बाघमारा अजित कुमार विमल ने कहा कि उन्हें फिलहाल घटना की जानकारी नहीं है. ऐसे में हादसे में कितने लोग दबे हैं और कितनी मौतें हुई हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि प्रशासन और पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








