रांची- राजधानी के कोतवाली थाना परिसर के पीछे बुधवार की शाम एक बड़ा हादसा हो गया. वहां बनी पुरानी और जर्जर पानी की टंकी अचानक भरभराकर गिर पड़ी. टंकी के ध्वस्त होते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी कि मलबे के अंदर दो मजदूर दबे हो सकते हैं.
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम की टीम भी बुलाई गई. जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया.
स्थानीय लोगों के अनुसार, कोतवाली थाना के पीछे काफी पुरानी पानी की टंकी बनी हुई थी. लंबे समय से देखरेख के अभाव और पुराना होने के कारण उसकी हालत जर्जर हो चुकी थी. अचानक टंकी का ढांचा कमजोर पड़ गया, और देखते ही देखते पूरी संरचना जमीन पर आ गिरी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
टंकी गिरने के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई. स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि जिस समय टंकी गिरी, उस दौरान वहाँ मजदूर मौजूद थे और संभव है कि वे मलबे में दब गए हों. इसी आशंका के आधार पर पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके को घेर लिया और मलबा हटाने का काम शुरू कराया. जेसीबी से बड़े हिस्से का मलबा हटाया जा रहा है.
पुलिस की टीम लगातार यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अंदर कोई व्यक्ति फंसा हुआ है या नहीं. पुलिस और नगर निगम की टीम सावधानी के साथ मलबा हटाने में जुटी हुई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








