पटना- पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र के न्यू महात्मा गांधी नगर में एनआईए की छापेमारी के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर स्कूटी सवार एक युवक को हिरासत में लिया.
तलाशी के दौरान उसकी स्कूटी की डिक्की में रखे झोले से 20 लाख रुपये नकद बरामद हुए. रुपये के स्रोत के संबंध में युवक स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका, जिसके बाद पुलिस ने नकदी जब्त कर आयकर विभाग को सूचना दी.
हिरासत में लिये गये युवक की पहचान अनमोल कुमार मोदी के रूप में हुई है. वह मूल रूप से पूर्वी चंपारण के चकिया का रहने वाला है. चित्रगुप्त नगर थानेदार शंकर झा के अनुसार, पूछताछ में अनमोल ने नकदी कारोबार से संबंधित होने की बात कही, लेकिन वह यह स्पष्ट नहीं कर सका कि रुपये किसके हैं और उन्हें लेकर जाने का कारण क्या था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस के अनुसार, एनआईए की टीम सोमवार शाम एक अपराधी की तलाश में न्यू महात्मा गांधी नगर स्थित एक अपार्टमेंट पहुंची थी. टीम के साथ स्थानीय पुलिस और एसटीएफ के जवान भी मौजूद थे. एनआईए जिस फ्लैट में छापेमारी करने पहुंची थी, वह बंद मिला.
इसी दौरान अपार्टमेंट के एक अन्य फ्लैट में रहने वाला अनमोल पुलिस को देखकर तेजी से नीचे आया और स्कूटी से निकलने लगा. उसकी गतिविधि संदिग्ध लगने पर चित्रगुप्त नगर पुलिस ने उसे रोक लिया और हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की.
तलाशी के दौरान पुलिस को स्कूटी की डिक्की में एक झोला मिला. झोला खोलने पर उसमें 20 लाख रुपये नकद रखे हुए थे. पुलिस ने युवक से रकम के संबंध में जानकारी मांगी, लेकिन वह सिर्फ इतना बता सका कि रुपये कारोबार से जुड़े हैं. वह रकम के वास्तविक मालिक और नकदी लेकर जाने की वजह का संतोषजनक जवाब नहीं दे सका.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसके बाद पुलिस ने पूरी नकदी जब्त कर आयकर विभाग को इसकी सूचना दी. आयकर विभाग की टीम युवक से पूछताछ कर रही है और 20 लाख रुपये के स्रोत के साथ ही उससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है. देर रात तक मामले की छानबीन जारी थी.








