रांची- रिम्स के सर्जरी वार्ड सी-2 में इलाजरत एक मरीज की मौत के बाद मृतक के परिजनों और जूनियर डॉक्टरों के बीच मारपीट हो गई. घटना के बाद रिम्स के पीजी डॉक्टरों ने वर्तमान स्थिति में मरीज देखने से इनकार कर दिया है.
रिम्स जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि आए दिन डॉक्टरों के साथ मारपीट की घटना हो रही है. हमारी सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है. ऐसे में हम कैसे मरीजों का इलाज कर पाएंगे. इसी वजह से जूनियर डॉक्टरों ने मरीज देखने से इनकार कर दिया है.
डॉ. जितेंद्र ने कहा कि जिस मरीज की मौत इलाज के दौरान हुई, उसकी स्थिति पहले से क्रिटिकल थी. हमारी इलाज में कोई कमी या लापरवाही नहीं थी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बावजूद इसके बड़ी संख्या में मृतक के परिजन और उनके साथ आए लोगों ने डॉक्टरों के साथ मारपीट की. सबसे चिंता की बात यह रही कि इस दौरान रिम्स प्रबंधन की ओर से तैनात सुरक्षाकर्मियों की ओर से डॉक्टरों को बचाने की कोई पहल नहीं हुई. ऐसे में हम कैसे काम कर पाएंगे, यह बड़ा सवाल है.
रिम्स सर्जरी विभाग के सह विभागाध्यक्ष डॉ. निशीथ ने बताया कि मृतक पैंक्रियाटाइटिस से पीड़ित था. उसके इलाज में कोई कमी नहीं थी. बावजूद इसके हमारे डॉक्टरों के साथ मारपीट की गई है. उन्होंने कहा कि पास के ही बस्ती के सभी लोग थे. उन पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए.
इधर, मृतक के एक परिजन भी मारपीट की घटना में घायल हुए हैं. उन्हें बरियातू पुलिस ने बचाया और उनका इलाज रिम्स के इमरजेंसी में करा रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








