दिल्ली- दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक 5 मंजिला बिल्डिंग गिर गई। इसमें 3 स्टूडेंट्स की मौत हो गई। वहीं, 3 गंभीर रूप से घायल हैं। जो इमारत गिरी वो 40-50 साल पुरानी थी।
स्थानीय लोगों और चश्मदीदों के मुताबिक, पिछले 10-12 दिनों से इस 80 गज की संकरी इमारत के बेसमेंट में खुदाई का काम चल रहा था, जिससे इसके निचले खंभे और नींव कमजोर हो गए और यह पूरी इमारत जमींदोज हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही NDRF, दिल्ली पुलिस, दिल्ली फायर सर्विस और सिविल डिफेंस की टीमें युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। मलबे से अब तक 8 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा चुका है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बताया जा रहा है कि बिल्डिंग में 20-25 कमरे थे और हर कमरे में 2 स्टूडेंट्स रहते थे। हादसे के वक्त अंदर 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता मौके पर मौजूद हैं। वो रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा ले रही हैं।
सत्य निकेतन दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास बसा प्रमुख छात्र इलाका है। यहां बड़ी संख्या में छात्र PG और हॉस्टल में रहते हैं। इलाके में कई छात्र आवास हैं और आसपास वेंकटेश्वर कॉलेज, आर्यभट्ट कॉलेज, मोतीलाल नेहरू कॉलेज और मैत्रेयी कॉलेज जैसे संस्थान हैं।
इमारत गिरने के बाद 7 लोगों को एम्स ट्रॉमा सेंटर और 1 को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। एम्स ट्रॉमा सेंटर के मुताबिक, वहां लाए गए लोगों में से 2 को मृत घोषित कर दिया गया।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कई स्टूडेंट्स के बारे में अभी भी कोई जानकारी नहीं है। अंदर दबे हुए दो स्टूडेंट्स की जानकारी उनके साथियों ने शेयर की है। इसी बीच एक और घायल के रेस्क्यू का वीडियो सामने आया है।








