रांची- JPSC और JSSC की कई परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ अब भाजपा ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. BJP ने सरकार के सामने तीन बड़ी मांगें रखी हैं.
भाजपा ने इन मांगों पर कार्रवाई के लिए राज्य सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है. पार्टी ने चेतावनी दी है कि तय समय में मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेश भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू करेगी.
इसको लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में पार्टी के सांसदों और विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रोजेक्ट भवन में मुख्य सचिव अविनाश कुमार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मुख्य सचिव से मुलाकात के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने मीडिया के सामने ज्ञापन देने की वजह बताई. उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव के मार्ग पर राज्य सरकार के सामने तीन मांग रखी गई हैं.
पहली मांग है कि JPSC और JSSC की अलग-अलग परीक्षाओं में सामने आई कथित अनियमितताओं की जांच CBI से कराई जाए. पार्टी का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच जरूरी है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान हो सके.
दूसरी बड़ी मांग छात्रों के खिलाफ अलग-अलग थानों में दर्ज FIR को तत्काल रद्द करने की है. ज्ञापन में सुप्रीम कोर्ट के उन आदेशों का भी हवाला दिया गया है, जिनमें विभिन्न राज्यों में छात्र आंदोलनों के दौरान दर्ज FIR को रद्द करने की व्यवस्था की गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
भाजपा की तीसरी मांग JPSC से जुड़े मामले में कार्रवाई को लेकर है. पार्टी ने कहा है कि JPSC के पूर्व अध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद मामले में समान रूप से दोषी माने जा रहे अन्य तीनों पूर्व सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जाना चाहिए. भाजपा का तर्क है कि अगर जांच में सभी की भूमिका सामने आती है तो कार्रवाई भी समान रूप से होनी चाहिए.
मुख्य सचिव से मुलाकात के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सरकार को स्पष्ट चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि सरकार के पास इन तीन मांगों पर कार्रवाई करने के लिए 48 घंटे का समय है. अगर इस अवधि में मांगें पूरी नहीं की गईं तो प्रदेश भाजपा हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगी.








