रांची- धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ कथित तौर पर JLKM विधायक जयराम महतो द्वारा गाली गलौज और धमकी का ऑडियो सामने आने के बाद पुलिस संगठनों और विधायक के बीच की तल्खी लगातार बढ़ती जा रही है.
जयराम महतो के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन की ओर से दिया गया पांच दिनों का अल्टीमेटम आज खत्म हो रहा है.
इधर, पुलिस एसोसिएशन के विरोध के बीच विशेष शाखा यानी स्पेशल ब्रांच के पुलिसकर्मियों की ओर से भी जयराम महतो के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
एसोसिएशन का कहना है कि केंद्रीय कार्यालय के निर्देश पर राज्य के अलग-अलग जिलों और शाखाओं के पुलिसकर्मी इस मुद्दे पर एकजुट हो रहे हैं.
एसोसिएशन की ओर से यह भी संकेत दिया गया है कि अगर तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो केंद्रीय कार्यालय के निर्देश पर राज्य स्तरीय आंदोलन की रणनीति बनाई जा सकती है.
वहीं, पुलिस एसोसिएशन की ओर से बढ़ते दबाव के बीच विधायक जयराम महतो ने भी सोशल मीडिया पर लंबा पोस्ट जारी कर पलटवार किया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अपने पोस्ट की शुरुआत में उन्होंने ईमानदार पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों को सम्मान देने की बात कही और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई जारी रखने का संदेश दिया.
इसके बाद जयराम महतो ने पुलिस एसोसिएशन की ओर से की जा रही प्रेस कॉन्फ्रेंस पर सवाल उठाए. उन्होंने दावा किया कि जिन अधिकारियों को मीडिया के सामने बैठाया गया, उनमें से कुछ के खिलाफ अलग-अलग गंभीर मामले रहे हैं. पोस्ट में उन्होंने ट्रेजरी घोटाले, हत्या, जमीन विवाद, जबरन संबंध बनाने और मारपीट से जुड़े कई गंभीर आरोपों का जिक्र किया है.
जयराम महतो ने अपने पोस्ट में जमशेदपुर से जुड़े एक कथित मामले का भी जिक्र किया है. उन्होंने संकेत दिया है कि इस मामले में पॉक्सो एक्ट और नार्को टेस्ट से जुड़े तथ्य सामने लाए जा सकते हैं.
साथ ही उन्होंने कहा है कि पुलिस एसोसिएशन की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस किए जाने के बीच वह संबंधित डेटा जुटा रहे हैं और जल्द ही लाइव या प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए अपनी बात रख सकते हैं.








