पलामू- धनबाद के बरवड्डा थाना प्रभारी के साथ दुर्व्यवहार मामले में झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने आंदोलन की घोषणा की है. इसके समर्थन में पलामू पुलिस एसोसिएशन की ओर से शनिवार को प्रेस वार्ता की गई.
इस दौरान पुलिसकर्मियों ने विधायक जयराम महतो के कृत्य की आलोचना की. पुलिस कर्मियों ने कहा कि विधायक के खिलाफ कार्रवाई लिए पांच दिनों का अल्टीमेटम दिया गया था, जिसका आज चौथा दिन है. यदि विधायक पर कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा.
एसोसिएशन ने कहा कि विधायक के द्वारा लगातार वीडियो और सोशल मीडिया में पोस्ट किया जा रहा है, जो अशोभनीय और अमर्यादित है. विधायक के द्वारा लगातार बयान दिए जा रहे हैं जिससे पुलिसकर्मियों के मान-सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंच रही है. विधायक के व्यवहार से राज्य के सभी पुलिसकर्मी काफी आहत हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पलामू पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष बबलू कुमार ने कहा कि जिस तरह से विधायक ने व्यवहार किया है वह जग जाहिर है. पुलिसकर्मियों के मान-सम्मान का हनन हुआ है. एक विधायक से इस तरह के व्यवहार की उम्मीद नहीं की जा सकती है.
उन्होंने कहा कि पूरे मामले में पलामू पुलिस एसोसिएशन झारखंड राज्य पुलिस एसोसिएशन के साथ खड़ा है और आंदोलन में शामिल होगा. प्रेस कॉन्फ्रेंस में पलामू के सार्जेंट मेजर सुरेश राम, पलामू पुलिस एसोसिएशन के सुनील कुमार, डेविड मिंज, रूपेश कुमार सिंह, अरविंद कुमार तिवारी समेत कई पुलिस अधिकारी शामिल थे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








