रांची- बरवाअड्डा थाना प्रभारी और डुमरी विधायक जयराम महतो के बीच बातचीत के वायरल ऑडियो मामले में जयराम महतो ने अपना पक्ष रखा है. मंगलवार को धनबाद पहुंचे विधायक ने उक्त वायरल ऑडियो को पूरी तरह सही मानने से इनकार करते हुए कहा कि बातचीत के साथ छेड़छाड़ की गयी है.
उन्होंने आरोप लगाया कि एआइ के माध्यम से भी बातचीत के कई हिस्सों को एडिट किया गया है. विधायक ने स्वीकार किया कि उन्होंने थाना प्रभारी से सख्त लहजे में बातचीत की थी.
उनका कहना है कि जनहित से जुड़े मामलों में जनप्रतिनिधि होने के नाते कई बार अधिकारियों से कड़ाई से बात करनी पड़ती है. उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर वे पहले भी एसपी, डीएसपी और इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों को फटकार लगा चुके हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उनके अनुसार जब जनता किसी समस्या को लेकर जनप्रतिनिधि के पास पहुंचती है और संबंधित अधिकारी कार्रवाई नहीं करते हैं, तो उनकी जिम्मेदारी बनती है कि वे अधिकारियों से सवाल करें. उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाने को जनहित से जुड़ा विषय बताया.
वायरल ऑडियो पर सवाल उठाते हुए विधायक ने कहा कि यदि थाना प्रभारी से वह लगातार गुस्से और अभद्र तरीके से बात कर रहे थे, तो थाना प्रभारी ने फोन क्यों नहीं काटा. सामान्य तौर पर ऐसी स्थिति में सामने वाला व्यक्ति फोन काट सकता है, लेकिन इस मामले में बातचीत जारी रही.
विधायक ने दावा किया कि बातचीत के दौरान थाना प्रभारी की ओर से कही गयी कई बातें ऑडियो से हटा दी गयी हैं और चुनिंदा हिस्सों को ही वायरल किया गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि उनकी अपनी कही गयी बातों में भी एडिटिंग की गयी है. हालांकि, कथित एडिटिंग के समर्थन में विधायक ने फिलहाल कोई तकनीकी प्रमाण सार्वजनिक नहीं किया है.
विधायक ने व्हाट्सएप कॉल की रिकॉर्डिंग सार्वजनिक किये जाने को भी गंभीर मामला बताया. उन्होंने कहा कि निजी बातचीत को रिकॉर्ड कर सार्वजनिक करना निजता के अधिकार का उल्लंघन है. जयराम महतो ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई करने और निजता के हनन को लेकर केस दर्ज कराने की चेतावनी दी है.
विधायक ने थानेदार पर कई गंभीर आरोप भी लगाये. उन्होंने कहा कि थानेदार बालू चोरी और अवैध वसूली कराते हैं. हालांकि उन्होंने इसका कोई सबूत जारी नहीं किया. उन्होंने कहा कि वो जल्द इन सबके खिलाफ आंदोलन करेंगे.








