पटना- गंगा के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से पटना सिटी के गंगा घाटों पर खतरा बढ़ने लगा है. महावीर घाट पर गंगा का पानी सड़क पर बहने लगा है. शुक्रवार को जहां पानी सड़क को छू रहा था, वहीं शनिवार को पानी बढ़कर सड़क किनारे स्थित मंदिर तक पहुंच गया.
महावीर घाट पर जलस्तर बढ़ने से सड़क पर पानी जमा हो गया है. शनिवार को पानी सड़क पर घुटने तक पहुंच गया और किनारे स्थित मंदिर को भी स्पर्श कर गया. गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गयी है.
भद्र घाट पर गंगा का पानी बढ़कर सीढ़ियों को छूने लगा है. भद्र घाट मां गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि अगर जलस्तर में इसी तरह वृद्धि जारी रही तो जल्द ही सड़क पर भी पानी आ सकता है. वहीं कंगन घाट पर भी बढ़ा हुआ पानी चौताल तक पहुंच गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अनुमंडल प्रशासन गंगा के बढ़ते जलस्तर पर लगातार नजर रख रहा है. एसडीओ सत्यम सहाय ने बताया कि सभी थानाध्यक्षों को गंगा के जलस्तर और घाटों की स्थिति पर निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है. आवश्यकता पड़ने पर भद्र घाट से नौजर घाट के बीच बैरिकेडिंग कर वाहनों का परिचालन रोका जा सकता है.
गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए एसएसबी, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को भी अलर्ट रहने को कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके. प्रशासन की ओर से लोगों को सुरक्षित स्नान करने और संभव हो तो फिलहाल गंगा स्नान से बचने की सलाह दी जा रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








