मुजफ्फरपुर- मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी जन वितरण प्रणाली दुकान की आड़ में चल रही शराब तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने सकरा थाना क्षेत्र के बाघनगरी पंचायत के गोपालपुर में छापेमारी की.
इस दौरान PDS दुकानदार के घर में बने गोदाम से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई. कार्रवाई के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है.उत्पाद विभाग की टीम ने PDS दुकानदार अनीता देवी के घर में बने दो कमरों की तलाशी ली. तलाशी के दौरान दोनों कमरों में छिपाकर रखी गई विदेशी शराब बरामद हुई.
मिली जानकारी के मुताबिक मौके से रविकर कुमार नाम के शख्स को गिरफ्तार किया गया है. उत्पाद विभाग के अनुसार, रविकर कुमार शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उत्पाद विभाग की टीम ने मनियारी थाना क्षेत्र में काजीइंडा टोल टैक्स के पास बंगाल नंबर के एक कंटेनर को भी जब्त किया. वहीं पुलिस द्वारा कंटेनर की तलाशी लेने पर उसमें लदी विदेशी शराब की खेप बरामद हुई. इस मामले में कंटेनर चालक समोल गिरी को गिरफ्तार किया गया है.
जिला उत्पाद थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई. जांच के दौरान सामने आया कि कंटेनर से शराब की खेप उतारकर PDS दुकानदार के घर में बने गोदाम में छिपाकर रखी गई थी. मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है और शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








