मुजफ्फरपुर- सावन माह के तीसरे सोमवार पर मुजफ्फरपुर स्थित बाबा गरीबनाथ मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। रविवार रात से ही बाबा के जलाभिषेक के लिए कांवरियों और श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं।
आधी रात के बाद जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हुआ, जो सोमवार शाम तक जारी रहा। प्रशासन के अनुमान के मुताबिक, तीसरी सोमवारी पर करीब छह लाख से अधिक कांवरियों और श्रद्धालुओं ने बाबा गरीबनाथ का जलाभिषेक किया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर और कांवरिया पथ भगवा रंग में रंगा नजर आया।
सावन के तीसरे सोमवार को बड़ी संख्या में शिवभक्त बाबा गरीबनाथ धाम पहुंचे। भक्तों ने हर-हर महादेव के जयकारे लगाते हुए बाबा का जलाभिषेक किया। कांवरियों ने गंगाजल के साथ दूध, बेलपत्र, फूल और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी से मंदिर परिसर और आसपास का पूरा इलाका भक्तिमय हो गया। बाबा गरीबनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में कांवरिया करीब 90 किलोमीटर दूर से गंगाजल लेकर पहुंचे।
कांवरिया पटना-मुजफ्फरपुर मार्ग से फकुली, कुढ़नी, तुर्की, सकरी, सरैया और रामदयालु नगर होते हुए बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन के वरीय अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाल लिया।
डीएम कुमार गौरव, एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र, सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी, एसडीओ पूर्वी आनंद उत्सव, एसडीएम पश्चिमी आकांक्षा आनंद और एसडीपीओ टाउन-1 सुरेश कुमार सहित कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कराने और सुरक्षित तरीके से जलाभिषेक कराने की व्यवस्था की निगरानी की। पुलिस बल के साथ एनसीसी, स्काउट-गाइड और मंदिर प्रशासन से जुड़े स्वयंसेवकों ने भी श्रद्धालुओं की सहायता की।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। पूरे मेला क्षेत्र और कांवरिया पथ की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। इसके लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है,
जहां से पूरे क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा ड्रोन के जरिए भी शहर और कांवरिया पथ की निगरानी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों पर भी पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।








