नवादा- नवादा में एक बेटे ने जायदाद के लिए अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना खालसा ढिबरी गांव की है. घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया.
जानकारी के अनुसार, टुनटुन यादव अपने गांव में अकेले रहते थे. उनके दो बेटे हैं. छोटा बेटा बाहर रहकर काम करता है, जबकि बड़ा बेटा उपेंद्र यादव अपने ससुराल में रहता था. परिवार की जमीन का पहले ही तीन हिस्सों में बंटवारा किया गया था. इसमें एक हिस्सा टुनटुन यादव के पास था.
बताया जा रहा है कि उपेंद्र यादव अपने पिता पर उनके हिस्से की जमीन बेचकर रुपये देने का दबाव बना रहा था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. मंगलवार देर रात भी पिता-पुत्र के बीच इसी मुद्दे को लेकर कहासुनी हुई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद उपेंद्र यादव ने हथियार निकाल लिया और अपने पिता के सिर में गोली मार दी. गोली लगते ही टुनटुन यादव की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद उपेंद्र यादव वहां से फरार हो गया.
गोली चलने की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिसके अनुसार, शुरुआती जांच में जमीन विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
घटना के बाद से आरोपित उपेंद्र यादव फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपित की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में वारदात से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आ सकती हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








