पटना- खगौल थाना क्षेत्र से लापता 10वीं की नाबालिग छात्रा को पटना पुलिस टीम ने पटना जंक्शन से सकुशल बरामद कर लिया. छात्रा का अपहरण नहीं हुआ था, बल्कि यह अपनी मर्जी से एक युवक के साथ पश्चिम बंगाल के आसनसोल चली गयी थी.
पटना पुलिस की एक टीम भी पश्चिम बंगाल के आसनसोल पहुंची. लेकिन युवक को भनक लग गयी और वह छात्रा को छोड़ कर फरार हो गया. इसके बाद छात्रा आसनसोल से पटना के लिए रवाना हुई.
पुलिस ने उसे पटना जंक्शन से बरामद कर लिया. इस मामले में पुलिस को आसनसोल के रहने वाले युवक विशाल की तलाश है. पुलिस उसे पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
दरअसल, सोमवार को छात्रा अपने घर से स्कूल के लिए निकली थी और लापता हो गयी थी. इसके बाद दानापुर रेलवे यार्ड की पटरी के पास से उसका स्कूल बैग और ड्रेस बरामद हुआ था.
जिसके कारण तरह-तरह की आशंका जतायी जा रही थी. परिजनों की लिखित शिकायत पर खगौल थाने में कांड संख्या 408/26 के तहत केस दर्ज किया गया था.
छात्रा के लापता होने और रेलवे पटरी के पास उसका स्कूल ड्रेस व बैग मिलने की सूचना फैलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए थे. छात्रा के अपहरण की आशंका जताते हुए लोगों ने दानापुर-बिहटा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक पटना के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक दानापुर एक और खगौल थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया.
इसके बाद पुलिस ने जब जांच शुरू की तो उसका लोकेशन आसनसोल का मिला. पुलिस टीम तुरंत आसनसोल पहुंची. इसी दौरान जांच में यह बात सामने आयी कि छात्रा अपनी एक सहेली के जरिए इंस्टाग्राम पर पश्चिम बंगाल के आसनसोल निवासी विशाल कुमार नाम के युवक से दोस्ती हुई थी और उससे ही बात करती थी.
उसने इंस्टाग्राम फ्रेंड विशाल कुमार के कहने पर घर छोड़ने का फैसला किया और आसनसोल चली गयी थी. पुलिस ने नाबालिग छात्रा को उसके परिजनों के हवाले कर दिया है.








