डेस्क- विशेष निगरानी इकाई ने लघु जल संसाधन विभाग के बांका प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता हरेन्द्र कुमार के खिलाफ कार्रवाई की है. निगरानी की टीम ने हरेन्द्र कुमार से जुड़े चार ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया है.
निगरानी की कार्रवाई बांका के अलावे पटना और वैशाली में भी की जा रही है. जांच एजेंसी की टीम जिन चार स्थानों पर तलाशी ले रही है, उनमें बांका स्थित लघु जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता का कार्यालय, पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र स्थित महावीर नगर का जनक नंदिनी अपार्टमेंट, बेऊर चौराहा स्थित छह मंजिला मकान और वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र का सिमरवारा गांव शामिल है.
सूत्रों के अनुसार निगरानी टीम ने कार्यपालक अभियंता हरेन्द्र कुमार को उनके सरकारी आवास से हिरासत में लिया है. इसके बाद उनके अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई शुरू की गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पटना स्थित उनके आवास से नकदी और काफी मात्रा में गहने मिलने की जानकारी सामने आई है. इसके अलावा तलाशी के दौरान महंगी घड़ियां भी बरामद होने की बात कही जा रही है. बरामद नकदी की गिनती के लिए छह लोगों की टीम को लगाया गया है.
जानकारी के अनुसार हरेन्द्र कुमार की पोस्टिंग करीब एक महीने पहले ही लघु जल संसाधन विभाग के बांका प्रमंडल में कार्यपालक अभियंता के पद पर हुई थी. इससे पहले वह गया में पदस्थापित थे.
बताया जा रहा है कि गया में कार्यरत रहने के दौरान ही उनके खिलाफ किसी व्यक्ति ने निगरानी विभाग में शिकायत की थी. शिकायत के आधार पर निगरानी ने मामले की जांच शुरू की और आय से अधिक संपत्ति से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसके बाद मंगलवार को उनके चार ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. निगरानी टीम द्वारा घर और कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य संपत्तियों से जुड़े कागजात की जांच की जा रही है.
फिलहाल निगरानी की तलाशी कार्रवाई जारी है. टीम द्वारा सभी ठिकानों से बरामद नकदी, आभूषण, दस्तावेज और अन्य सामान का आकलन किया जा रहा है. तलाशी पूरी होने के बाद बरामद संपत्ति और अन्य साक्ष्यों के संबंध में विशेष निगरानी इकाई की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है.








