मुजफ्फरपुर- मुजफ्फरपुर स्थित बाबा गरीबनाथ धाम में सावन की दूसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. देर रात से ही डाक कांवरियों और अन्य भक्तों के जलाभिषेक का सिलसिला जारी रहा.
मंदिर परिसर से लेकर कांवरिया मार्ग तक हर तरफ हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे. इस बार प्रदोष तिथि भी होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में खासा इजाफा हुआ.
मंदिर के पुजारी ने बताया कि अब तक करीब डेढ़ लाख डाक कांवरिया और दो लाख से अधिक अन्य कांवरिया व श्रद्धालु बाबा का जलाभिषेक कर चुके हैं. कुल मिलाकर साढ़े तीन लाख से अधिक भक्त जल अर्पित कर चुके हैं. रात 12 बजे से लगातार जलाभिषेक चल रहा है और पूरे दिन यह सिलसिला जारी रहेगा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए बिहार सरकार की ओर से पहली बार हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई. रामदयालु, हरिसभा चौक, साहू पोखर, जिला स्कूल के पास और बाबा गरीबनाथ मंदिर परिसर समेत निर्धारित स्थानों पर आसमान से फूल बरसाए गए. फूलों की बारिश देखकर श्रद्धालुओं में उत्साह बढ़ गया और बड़ी संख्या में लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाकर इस पल को कैद किया.
बाबा गरीबनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए कांवरिए सोनपुर के पहलेजा घाट से गंगाजल लेकर करीब 85 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हैं. रास्ते में जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए हैं.
लंबी यात्रा पूरी करने के बाद कांवरिए मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं. मान्यता है कि सावन में सच्चे मन से जल अर्पित करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा को लेकर खासी खुशी जताई. कई भक्तों का कहना था कि उन्होंने पहली बार बाबा गरीबनाथ धाम में इस तरह आसमान से फूलों की बारिश होते देखी है.
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. करीब दो हजार से अधिक बिहार पुलिस के जवान और बड़ी संख्या में दंडाधिकारी तैनात हैं.
साथ ही 3200 से अधिक स्वयंसेवक भीड़ नियंत्रण और सहायता में लगे हुए हैं। मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन की व्यवस्था भी की गई है.
एसएसपी कांतेश मिश्रा ने बताया कि संभावित भीड़ के अनुमान के आधार पर पर्याप्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है. यातायात सुचारु रखने के लिए कुछ महत्वपूर्ण रूट डायवर्ट किए गए हैं. डीएम कुमार गौरव ने कहा कि वे खुद पूरी व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को परेशानी न हो.








