गया- बिहार के गया में एक महिला का शव मिला है, जबकि पास में ही पति भी लहुलुहान पड़ा था. पुलिस इस मामले की छानबीन में जुट गई है. यह घटना आत्महत्या है या हत्या, दोनों बिंदुओं पर पुलिस की जांच चल रही है.
घटना की जैसे ही जानकारी परिवार वालों को हुई, अफरातफरी मच गई. घर में चित्कार मच गया. तुरंत घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं, महिला के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है.
परिजनों ने बताया कि बीती रात को पति-पत्नी कमरे में सोने गए थे. रविवार की सुबह को काफी देर तक जब दरवाजा नहीं खुला तो लोगों को कुछ आशंका हुई. काफी आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो वेंटिलेटर से झांक कर देखा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पति-पत्नी दोनों लहूलुहान स्थिति में पड़े थे. दरवाजा तोड़कर खोला गया तो पत्नी की मौत हो चुकी थी. उसका गला कटा हुआ था. पूरे घटना में धारदार हथियार या ब्लेड का प्रयोग होने की बात सामने आ रही है.
पुलिस इस मामले को लेकर जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगा रही है कि यह घटना हत्या की है या आत्महत्या से जुड़ा है? मृतक की पहचान फेंकने देवी के रूप में हुई, जबकि घायल पति की पहचान मनोज राजमिस्त्री के रूप में हुई है. फिलहाल घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा है. पुलिस की पड़ताल चल रही है.








