अररिया- अररिया में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उद्योग विभाग के महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है.
मशीनों की आपूर्ति के एवज में कमीशन मांगने की शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने पूरे मामले का सत्यापन कराया था. आरोप सही पाए जाने के बाद महाप्रबंधक के किराए के आवास पर छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
निगरानी विभाग के डीएसपी सतीश चंद्र माधव के अनुसार, मशीन सप्लायर कमरे आलम ने महाप्रबंधक के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि विभिन्न लोगों को मशीनों की आपूर्ति करने के बाद भुगतान और प्रक्रिया से जुड़े काम के एवज में महाप्रबंधक कमीशन की मांग कर रहे थे.
शिकायतकर्ता के मुताबिक, करीब 17 लाख रुपये की मशीनों की आपूर्ति की गई थी. इसके एवज में महाप्रबंधक ने 5 प्रतिशत कमीशन की मांग की थी. इस हिसाब से कुल 85 हजार रुपये देने की बात कही गई थी. शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी निगरानी विभाग को दी, जिसके बाद अधिकारियों ने शिकायत का सत्यापन कराया.
सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी विभाग ने अररिया स्थित अनिल कुमार मंडल के किराए के आवास पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान टीम ने 50 हजार रुपये की रिश्वत की रकम बरामद की. इसके बाद महाप्रबंधक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम उनसे पूछताछ कर रही है. अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और रिश्वत से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है.








