मोतिहारी- पूर्वी चंपारण में वंदे भारत एक्सप्रेस एक बार फिर असामाजिक तत्वों के निशाने पर आ गई. सुगौली स्टेशन के पास चलती ट्रेन पर पत्थरबाजी की गई, जिससे एक कोच का शीशा टूट गया. हालांकि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल यानी आरपीएफ ने मामले की जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 26501 पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस मंगलवार की शाम अपने निर्धारित समय पर पाटलिपुत्र से चलकर बापूधाम मोतिहारी होते हुए आगे की ओर जा रही थी. शाम करीब 6 बजकर 15 मिनट पर ट्रेन सुगौली स्टेशन से रवाना हुई.
स्टेशन से आगे बढ़ते ही अज्ञात असामाजिक तत्वों ने ट्रेन पर पत्थरबाजी कर दी. पत्थर सीधे सी-4 कोच पर लगा, जिससे कोच का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के बाद यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया. हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को चोट नहीं लगी और ट्रेन बिना किसी बाधा के अपनी निर्धारित यात्रा पर आगे बढ़ गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घटना की सूचना मिलते ही बापूधाम मोतिहारी रेलवे सुरक्षा बल सक्रिय हो गया. आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि पत्थरबाजी करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके.








