पटना- बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल रविवार को अपनी आने वाली फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन के सिलसिले में पहली बार पटना पहुंचे. उनके साथ बेटे और फिल्म के CO-Actor करण देओल भी मौजूद थे. अपने पूरे फिल्मी करियर में पहली बार बिहार आए सनी देओल ने मीडिया से बातचीत में बिहार से अपने खास जुड़ाव का जिक्र किया.
उन्होंने कहा कि उन्हें पहले कभी बिहार आने का मौका नहीं मिला, लेकिन यह एक नई शुरुआत है. सनी ने कहा, “अब मैं यहां बार-बार आऊंगा. अपनी अगली फिल्मों के प्रमोशन के लिए भी बिहार जरूर आऊंगा.”
बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत पर बात करते हुए सनी देओल ने कहा कि बिहार से जुड़ी कई कहानियां उनके दिल के बेहद करीब हैं. उन्होंने बताया कि महान सम्राट अशोक पर आधारित फिल्म बनाने की उनकी लंबे समय से इच्छा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सनी ने कहा कि निर्देशक डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी और राजकुमार संतोषी उन्हें इस विषय की कहानी सुना चुके हैं. उन्होंने कहा कि ‘अशोका’ जैसे विषय पर बड़ी फिल्म बनाने के लिए भारी बजट की जरूरत होती है.
उन्होंने कहा, “गदर 2 के बाद हालात काफी बेहतर हुए हैं. उम्मीद है कि ‘बंटवारा 1947’ के बाद इस प्रोजेक्ट पर काम कर सकूंगा. यह इतना शानदार विषय है कि इसमें मैं अपने दोनों बेटों को भी कास्ट कर सकता हूं.”
पटना में फिल्म के प्रमोशन के दौरान सनी देओल और करण देओल पहली बार एक साथ मंच पर नजर आए. करण देओल ने कहा कि अपने पिता के साथ स्क्रीन शेयर करना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा. उन्होंने कहा, “पापा के साथ काम करके मेरी जिंदगी बन गई. आखिर अपने पिता के साथ काम करना कौन नहीं चाहेगा?”
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सनी देओल ने निर्देशक राजकुमार संतोषी के साथ अपनी लंबे समय की साझेदारी का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि वे हमेशा ऐसी कहानियां चुनते हैं, जिनमें एक आम आदमी अपने हक, अपने परिवार और अपने सम्मान के लिए संघर्ष करता है. यही वजह है कि उनकी फिल्मों से दर्शक खुद को आसानी से जोड़ पाते हैं.








