बिहार- रविवार दोपहर में तेज बारिश और गर्जन के बीच अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने से पांच किसानों और मजदूरों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य किसान और मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए.
सबसे दर्दनाक घटना बांका टाउन थाना क्षेत्र के खावा गांव में हुई, जहां खेत में काम कर रहे पिता और उनके सात वर्षीय पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई.
पिता-पुत्र की मौत: बांका टाउन थाना क्षेत्र के खावा गांव में लाधार बारिश के दौरान हुए वज्रपात ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं. गांव निवासी 35 वर्षीय ब्रह्मदेव यादव रविवार को खेत में काम करने के लिए घर से निकले थे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
रविवार होने के कारण स्कूल की छुट्टी थी, इसलिए सात वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार भी पिता के साथ खेत गया था. इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के साथ गरज-चमक शुरू हो गई और बिजली सीधे पिता-पुत्र पर गिर गई.
इसी थाना क्षेत्र के गुलाहो गांव में भी खेत में काम कर रहे विनोद यादव की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई. परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
वहीं बांका शहर के लीलावरण गांव में भी रोपनी करने के दौरान सरिता देवी की मौत हो गई. परिजन ने अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उधर अमरपुर थाना क्षेत्र के सलेमपुर राय बहियार में धान की रोपाई कर रहे मजदूर अजय महतो की ठनका गिरने से दर्दनाक मौत हो गई. परिजनों ने बताया कि अजय खेत में रोपनी कर रहे थे.
इसी दौरान पास के एक पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए. आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
वहीं बाराहाट प्रखंड के दफरपुर गांव में खेत पर काम कर रहे किसान साधु तांती की भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई. ग्रामीणों ने उन्हें स्थानीय अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.








