दरभंगा- बिहार के दरभंगा में एक महिला ने भोजपुरी गाने पर पिस्टल लहराते हुए रील बनाई. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो मामला पुलिस तक पहुंच गया. जांच के बाद पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया. उसके घर से एक पिस्टल, एक मैगजीन और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए.
अब जांच इस बात की हो रही है कि महिला के पास हथियार कहां से आया और इस पूरे मामले में उसके परिवार की क्या भूमिका है. मामला दरभंगा जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव का है. गिरफ्तार महिला की पहचान लाछो देवी के रूप में हुई है.
पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा था. वीडियो में लाछो देवी भोजपुरी गाने पर डांस करती दिखाई देती है. डांस के दौरान वह कमर से पिस्टल निकालती है और उसे हवा में लहराते हुए अलग-अलग अंदाज में पोज देती नजर आती है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वीडियो वायरल होने के बाद यह पुलिस तक पहुंच गया. इसके बाद घनश्यामपुर थाना पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू की. विरौल के SDPO प्रभाकर तिवारी ने बताया कि वायरल वीडियो की पहचान कराने के लिए चौकीदारों की मदद ली गई. पहचान होने के बाद पुलिस ने सिरसिया गांव स्थित महिला के घर पर छापेमारी की.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने महिला के कमरे से एक पिस्टल, एक मैगजीन, दो जिंदा कारतूस और वह एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया, जिससे कथित तौर पर वीडियो बनाया गया था. तकनीकी जांच में वायरल वीडियो भी उसी मोबाइल में मिला. इसके बाद पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया.








