पटना- भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव ने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर अपनी बात रखी है. उन्होंने युवाओं, खासकर Gen-Z से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की है.
खेसारी ने कहा कि जिस तरह शिक्षा के मुद्दे पर युवाओं की सक्रियता और आंदोलन का असर देखने को मिला, उसी तरह अब स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी व्यापक जनआंदोलन की जरूरत है.
खेसारी लाल यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक लंबा पोस्ट साझा कर स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि आज इलाज का खर्च आम लोगों के लिए बड़ी समस्या बन चुका है. खासकर गंभीर बीमारी की स्थिति में परिवार पर आर्थिक बोझ काफी बढ़ जाता है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
खेसारी लाल यादव ने अपने पोस्ट में Gen-Z को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के मुद्दे पर युवाओं ने जिस तरह अपनी आवाज बुलंद की और बदलाव की शुरुआत की, अब उसी तरह स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी संगठित होकर आवाज उठाने की जरूरत है.
उन्होंने कहा कि शिक्षा के मुद्दे पर युवाओं की सक्रियता का असर समाज में दिखाई दिया है. अब स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी युवाओं और आम लोगों को एकजुट होकर अपनी बात रखनी चाहिए.
खेसारी ने निजी अस्पतालों में इलाज के बढ़ते खर्च को लेकर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति के पास हेल्थ इंश्योरेंस नहीं है तो आज के समय में निजी अस्पताल में इलाज कराना काफी मुश्किल हो जाता है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
खेसारी लाल यादव ने अपने पोस्ट में निजी अस्पतालों, हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियों और दवा कंपनियों के बीच बने कथित तंत्र पर भी सवाल उठाए. उनका कहना है कि इस व्यवस्था का सीधा असर आम मरीज और उसके परिवार पर पड़ता है.
उन्होंने कहा कि परिवार के किसी एक सदस्य के गंभीर रूप से बीमार पड़ने पर इलाज का खर्च पूरे परिवार की आर्थिक स्थिति को प्रभावित कर देता है. कई परिवारों को इलाज के लिए कर्ज लेना पड़ता है और इससे उनकी आर्थिक परेशानियां लंबे समय तक बनी रहती हैं.
खेसारी लाल यादव ने कहा कि संभव है कि उनकी यह बात लोगों को तब तक गंभीर न लगे, जब तक उनके परिवार में किसी को ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े. लेकिन उनके मुताबिक स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ी परेशानियां अब बड़ी संख्या में परिवारों की समस्या बन चुकी हैं.








