पटना- बिहार की राजधानी पटना की सबसे चर्चित और हाईप्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। गुरुवार सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है।
चुनाव आयोग ने मतदान के शुरुआती आंकड़े जारी करते हुए बताया कि सुबह 11 बजे तक बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में 11.50 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं।
प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है, जबकि संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में कुल 3,79,471 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 2,00,060 पुरुष मतदाता, 1,79,533 महिला मतदाता और 23 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। चुनाव आयोग ने बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की है।
इस सीट पर 85 वर्ष से अधिक उम्र के 3,166 मतदाता हैं, जबकि 1,024 दिव्यांग मतदाता भी अपने वोट का प्रयोग करेंगे। इन मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए मतदान केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
चुनाव आयोग ने मतदान व्यवस्था को लेकर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के लिए भी नियम बनाए हैं। प्रत्येक उम्मीदवार को अपने एजेंट और कार्यकर्ताओं के लिए अधिकतम 3 वाहनों की अनुमति दी गई है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इन वाहनों में अधिकतम 5 लोग ही सफर कर सकेंगे।प्रशासन ने साफ कर दिया है कि चुनाव आचार संहिता और निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








