मुजफ्फरपुर- बिहार बंद को लेकर एहतियात के तौर पर मुजफ्फरपुर शहर में बंद की गई इंटरनेट सेवा शनिवार को फिर से बहाल कर दी गई.
गृह विभाग की सहमति के बाद जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जनहित में यह निर्णय लिया. प्रशासन का कहना है कि जिले में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य रहने के कारण इंटरनेट प्रतिबंध हटाने की अनुशंसा की गई थी.
इससे पहले शुक्रवार शाम जारी आदेश में 24 जुलाई दोपहर 12:30 बजे से 26 जुलाई सुबह 10 बजे तक नगर क्षेत्र और आसपास के इलाकों में इंटरनेट सेवाओं पर अस्थायी रोक लगाने की घोषणा की गई थी. हालांकि, ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट सेवा पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
शुक्रवार शाम जिलाधिकारी गौरव कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, थानाध्यक्षों और अन्य अधिकारियों के साथ विधि-व्यवस्था की समीक्षा की. सभी थाना प्रभारियों से मिली रिपोर्ट में स्थिति सामान्य पाई गई. आईसा समेत अन्य संगठनों द्वारा आहूत बिहार बंद को देखते हुए एहतियातन इंटरनेट सेवा बंद कराई गई थी.
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि समीक्षा के बाद जनहित में गृह विभाग से इंटरनेट प्रतिबंध हटाने की अनुशंसा की गई, जिसे मंजूरी मिलने के बाद सेवा बहाल कर दी गई.
उन्होंने लोगों से अपील की कि अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखें, कानून को हाथ में न लें और सरकारी संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं. यदि कोई उपद्रव करता है तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
डीएम ने कहा कि ”इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गई है, लेकिन सोशल मीडिया गतिविधियों पर प्रशासन की कड़ी निगरानी जारी रहेगी. भ्रामक, अफवाह फैलाने वाले या सामाजिक वैमनस्य पैदा करने वाले संदेशों को साझा करने से बचें. ऐसे मामलों में संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.”








